ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

बदरवास में अदाणी फाउंडेशन का विकास केंद्र शुरू, 1,500 महिलाओं को मिलेगा रोजगार

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के बदरवास में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। अदाणी फाउंडेशन ने यहां ‘अदाणी विकास केंद्र की शुरुआत की है, जिसके जरिए महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और कौशल प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्थायी आय से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
यह केंद्र करीब 48,000 वर्गफुट क्षेत्र में फैला हुआ है और पूरी क्षमता पर संचालित होने पर इसमें 600 आधुनिक सिलाई मशीनों के साथ प्रशिक्षण और उत्पादन दोनों कार्य किए जाएंगे। योजना के तहत धीरे-धीरे करीब 1,500 महिलाओं को नियमित आय का अवसर मिलने की उम्मीद है।

अदाणी फाउंडेशन का ‘स्वाभिमान कार्यक्रम देशभर में 10 लाख महिलाओं को आजीविका से जोड़ने के लक्ष्य के साथ संचालित किया जा रहा है। इसका फोकस महिलाओं को असंगठित काम से निकालकर उन्हें बाजार आधारित स्थायी रोजगार से जोड़ने पर है।
इस केंद्र का उद्घाटन ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया। कार्यक्रम में आसपास के गांवों की 5,000 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया, जो इस तरह के रोजगार अवसरों की बढ़ती जरूरत को दर्शाता है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह केंद्र महिलाओं के सपनों को साकार करने का एक मजबूत माध्यम बनेगा और यहां तैयार होने वाले उत्पाद भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहचान बना सकते हैं।

अदाणी फाउंडेशन के सीईओ डॉ. अभिषेक लख्ताकिया ने कहा कि संस्था की चेयरपर्सन डॉ. प्रीति अदाणी के मार्गदर्शन में महिलाओं को कौशल से जोड़कर उन्हें स्थायी आय उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे अपने परिवार और समाज में मजबूत भूमिका निभा सकें।इस पहल से क्षेत्र में परिवारों की आय बढ़ने, पलायन कम होने और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।गौरतलब है कि अदाणी फाउंडेशन वर्ष 1996 से शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में कार्य कर रहा है और वर्तमान में देश के 22 राज्यों में लाखों लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डाल रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button