धार में भीषण सड़क हादसा: मजदूरों से भरा पिकअप पलटा, 16 की मौत, 13 घायल
टायर फटने से बेकाबू हुआ वाहन, डिवाइडर चढ़कर कई बार पलटा, स्कॉर्पियो से टकराया

धार। धार जिले में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। हादसा इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिकलिया फाटा के पास हुआ, जहां मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और 3-4 बार पलटते हुए रॉन्ग साइड में जाकर स्कॉर्पियो से टकरा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे में मृतकों में 6 बच्चे भी शामिल हैं, जिससे घटना और अधिक दर्दनाक हो गई।
घायलों को इलाज के लिए आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इंदौर में भी चार घायलों को भर्ती किया गया, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 1-1 लाख और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है।
हादसे के बाद प्रशासन ने राहत-बचाव कार्य तेज कर दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।













