ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

रेलवे शर्मसार: इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में युवती से दुष्कर्म

पिपरिया-करेली के बीच हुई वारदात; पीड़िता ने करेली स्टेशन पर दी सूचना, जांच में जुटी FSL टीम

जबलपुर। इंदौर से जबलपुर आ रही गाड़ी संख्या 22192 ओवरनाइट एक्सप्रेस में सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोलते हुए एक युवती के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात ट्रेन के स्लीपर कोच (S-7) में पिपरिया और करेली स्टेशन के बीच घटित हुई। इस घटना की खबर फैलते ही रेल प्रशासन और जीआरपी में हड़कंप मच गया है।

चलती ट्रेन में मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, जब ट्रेन सुबह करेली स्टेशन पहुंची, तो कोच S-7 में सवार एक युवती ने अपने साथ हुई दरिंदगी की शिकायत की। युवती की आपबीती सुनकर कोच में मौजूद अन्य यात्री भी सहम गए। बताया जा रहा है कि शिकायत मिलते ही रेलवे पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर कुछ युवकों को ट्रेन से नीचे उतारा और पूछताछ शुरू की।

एफएसएल (FSL) टीम ने जुटाए सबूत
ट्रेन के सुबह जबलपुर स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच के बाद ट्रेन के रैक को मेंटेनेंस के लिए कोचिंग यार्ड भेजा गया, जहां एफएसएल की विशेषज्ञ टीम ने कोच S-7 की बारीकी से जांच की और महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

सड़क मार्ग से जबलपुर लाई गई पीड़िता
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पीड़िता को सड़क मार्ग से करेली से जबलपुर लाया है। यहां जीआरपी के महिला अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस कर्मी पीड़िता के बयान दर्ज करेंगे ताकि घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके।

जांच के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
घटनाक्रम पिपरिया और करेली के बीच का बताया जा रहा है, जो चलती ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े करता है। हालांकि, इस मामले में जीआरपी जबलपुर थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फिलहाल उनकी ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button