तमिलनाडु को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देंगे : मुख्यमंत्री विजय

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद जोसेफ विजय चंद्रशेखर ने राज्य की आर्थिक स्थिति, सुशासन और पारदर्शिता को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार राज्य पर लगभग 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज छोड़ गई है और सरकारी खजाना लगभग खाली कर दिया गया है। ऐसे कठिन हालात में उनकी सरकार ने जिम्मेदारी संभाली है।
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि वह सबसे पहले सरकारी वित्तीय स्थिति की पूरी समीक्षा करेंगे और उसके बाद एक “व्हाइट पेपर” जारी कर जनता के सामने सारी जानकारी पारदर्शी तरीके से रखेंगे। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु से जुड़ा कोई भी निर्णय बंद कमरों में या गुपचुप तरीके से नहीं लिया जाएगा। सरकार का हर कदम खुला और जनता के प्रति जवाबदेह होगा।
उन्होंने जनता से धैर्य और सहयोग की अपील करते हुए कहा कि उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिली है, इसलिए सरकार को काम करने के लिए कुछ समय दिया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विजय ने महिलाओं की सुरक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि राज्य में बढ़ते ड्रग कल्चर पर सख्ती से रोक लगाने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएंगे। साथ ही कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के सभी आठ करोड़ लोग उनके अपने हैं और सरकार सभी के लिए समान रूप से काम करेगी।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने को सरकार की पहली प्राथमिकता बताया। भ्रष्टाचार पर सख्त रुख अपनाते हुए विजय ने कहा कि वह जनता के एक भी पैसे का गलत इस्तेमाल नहीं होने देंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चाहे कोई कितना भी करीबी क्यों न हो, गलत काम करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
अपने संबोधन में विजय भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि वह किसी शाही परिवार या विशेष पृष्ठभूमि से नहीं आते, बल्कि एक सामान्य असिस्टेंट डायरेक्टर के बेटे हैं और संघर्षों के बीच आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि वह भूख और कठिनाइयों का दर्द समझते हैं। जनता ने उन्हें जिस प्यार और सम्मान से अपनाया, उसी का ऋण चुकाने के लिए वह राजनीति में आए हैं।
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि वह खुद को जनता के परिवार का सदस्य, भाई और बेटा मानते हैं। उन्होंने लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के विश्वास और संघर्षों की बदौलत ही वह आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं।













