ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

ऐतिहासिक मजौना शिवमंदिर पहुंचे जनपद अध्यक्ष प्रणव पाठक, स्वच्छता अभियान चलाकर लिया विकास कार्यों का जायजा

सिंगरौली। जनपद पंचायत देवसर के अंतर्गत ग्राम पंचायत मजौना स्थित 14वीं शताब्दी के ऐतिहासिक शिवमंदिर में शनिवार को जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रणव पाठक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की तथा चल रहे जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार, यह प्राचीन शिवलिंग राजा बालेंदु के शासनकाल में स्थापित किया गया था और आज भी क्षेत्र की धार्मिक आस्था एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख केंद्र माना जाता है। मंदिर पहुंचकर जनपद अध्यक्ष ने भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

निरीक्षण के दौरान प्रणव पाठक ने मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद एवं जनपद पंचायत के 15वें वित्त आयोग से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने मंदिर परिसर में निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल, नाली निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों का अवलोकन करते हुए गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव और संबंधित अधिकारियों को दिए।

मंदिर प्रांगण में स्थित प्राचीन तालाब का भी निरीक्षण किया गया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार तालाब में जमीन से प्राकृतिक रूप से बारहमासी जलस्रोत निकलता है, जिससे इसका धार्मिक और प्राकृतिक महत्व और बढ़ जाता है। तालाब के जीर्णोद्धार तथा समीप स्थित कुंड की साफ-सफाई का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है।

जनपद अध्यक्ष प्रणव पाठक ने कहा कि क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों का संरक्षण जनभावनाओं से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर के विकास और सौंदर्यीकरण से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।

इस अवसर पर सरपंच नबाब कोल, भाजपा वरिष्ठ नेता शैलेंद्र द्विवेदी, पूर्व युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष नीरज द्विवेदी, प्रवीण तिवारी, मंदिर प्रधान पुजारी रामप्यारे मिश्रा, गोस्वामी जी, रोजगार सहायक बृजेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button