रेलवे परियोजना के लिए प्रशासन सख्त, प्रभावित भू-स्वामियों को मकान व जमीन खाली करने के निर्देश

सिंगरौली। कार्यालय उपखंड अधिकारी देवसर द्वारा रेलवे परियोजना से प्रभावित भू-स्वामियों को मकान एवं जमीन खाली कराने के संबंध में आदेश जारी किया गया है। जारी पत्र के अनुसार, ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन निर्माण कार्य में बाधा बनने वाले मकानों और भूमि को प्रशासनिक अमले एवं पुलिस बल की सहायता से खाली कराया जाएगा।
उपखंड अधिकारी कार्यालय द्वारा थाना प्रभारी जियावन एवं बरगवां को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि तहसील देवसर और बरगवां क्षेत्र के कई गांवों में भूमि अधिग्रहण के बाद भी प्रभावित परिवारों ने मकान एवं जमीन खाली नहीं की है। इनमें हरहवेल, कटोली, खंधौरा, पूर्वाजोगीर, महुआ, कुर्सी, होंगा, छीवा, बरगवां, इटिया, सड़ुआर, खोभा, भलुगढ़, आमों, सिलफ, गिधेर, बड़ोखर और गोंदवाली सहित अन्य गांव शामिल हैं।
पत्र में कहा गया है कि संबंधित भू-स्वामियों को भूमि अधिग्रहण की अवार्ड राशि का भुगतान किया जा चुका है, लेकिन अब तक कब्जा नहीं सौंपे जाने के कारण रेलवे परियोजना का कार्य प्रभावित हो रहा है। प्रशासन ने पुलिस बल उपलब्ध कराने और प्राथमिकता के आधार पर मकानों को हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इस संबंध में सूचना कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी देवसर-मोरवा, तहसीलदार देवसर-बरगवां तथा पश्चिम मध्य रेलवे के उप मुख्य अभियंता को भी प्रेषित की गई है।













