ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण: नौगई और परसौना की सीएचओ का कटेगा एक दिन का वेतन, एएनएम को नोटिस

सिंगरौली,।जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने और सरकारी केंद्रों की कार्यप्रणाली दुरुस्त करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्य कर्मियों पर सख्त रवैया अपनाया है। मंगलवार को कलेक्टर के निर्देश पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) और जिला स्वास्थ्य अधिकारी (डीएचओ) द्वारा बैढ़न ब्लॉक के उप स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान निर्धारित समय पर केंद्र बंद मिलने और अनुपस्थित पाए जाने पर दो सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) का एक-एक दिन का वेतन काटने और एक एएनएम को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, निरीक्षण दल जब उप स्वास्थ्य केंद्र नौगई पहुंचा तो वहां पदस्थ सीएचओ नगमा परवीन अपनी ड्यूटी से नदारद मिलीं। वहीं, उप स्वास्थ्य केंद्र परसौना निर्धारित समय पर ताले में बंद पाया गया। इसे जनसेवा में गंभीर लापरवाही मानते हुए कलेक्टर श्री बैनल ने नौगई की सीएचओ नगमा परवीन और परसौना की सीएचओ रीता शाह को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तत्काल एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया है। इसके साथ ही, परसौना केंद्र की एएनएम लक्ष्मी सिंह को भी कारण बताओ नोटिस थमाया गया है।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि उप स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की पहली कड़ी हैं। यहां गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण, शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, ओपीडी और दवा वितरण जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलना अनिवार्य है। उन्होंने सख्त चेतावनी दी है कि जिले के किसी भी सरकारी केंद्र में ड्यूटी के प्रति उदासीनता या अनुपस्थिति बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी ऐसी लापरवाही करता है, तो उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button