देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

सांगली में दर्दनाक हादसा, दीवार गिरने से 6 श्रद्धालुओं की मौत

तूफानी हवा और बारिश के बीच मची अफरा-तफरी, 15 घायल

 

सांगली। महाराष्ट्र के सांगली जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। हादसा जाट तालुका के मोटेवाड़ी गांव में देवी मुर्गुबाई देवी धार्मिक आयोजन के दौरान हुआ।

जानकारी के अनुसार धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होने पहुंचे थे। शाम करीब 5 बजे तेज तूफानी हवा और बारिश शुरू होने पर लोग पास की एक निर्माणाधीन साइट पर बने शेड के नीचे पनाह लेने लगे। इसी दौरान तेज हवा के कारण नालीदार मेटल शेड टूटकर पत्थर और ईंट से बनी दीवार पर जा गिरा, जिससे दीवार भरभराकर ढह गई और उसके नीचे कई श्रद्धालु दब गए।

हादसे में मंगल भाऊसाहेब मोठे, अरुण विजय गेजगे, सोनू लक्ष्मण गेजगे, कोंडिबा सौबा गेजगे, संजूबाई राम चौधरी और शंकर आबा लोखंडे की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं घायल लोगों में दरियप्पा नागा कोकरे, मुर्शिद पुजारी, मरिबा नागा कोकरे, संजू अप्पासो एवले, शिवा गेजगे, कोंडिबा बीरा गेजगे और बीरू विजू गेजगे सहित अन्य शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए सांगली, मिराज और विजयपुरा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। घटना के बाद पूरे जाट क्षेत्र में शोक का माहौल है।

इस हादसे पर भाजपा विधायक गोपीचंद पडलकर ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Author

Related Articles

Back to top button