ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

चलती ट्रेन में 25 लाख की चोरी

महिला यात्री का बैग लेकर फरार हुआ बदमाश, दो आईफोन और जेवरात गायब

भोपाल। सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस चोरी मामला के तहत चलती ट्रेन में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। शाजापुर जिले के मक्सी जीआरपी थाना क्षेत्र में बदमाश महिला यात्री का बैग लेकर फरार हो गया, जिसमें करीब 25 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात, दो आईफोन और नगदी रखी हुई थी।

मामले में Government Railway Police भोपाल ने जीरो पर एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए मक्सी जीआरपी को भेज दिया है। घटना 12 मई को बेरछा रेलवे स्टेशन के आसपास की बताई जा रही है।

कंबल के नीचे रखा था बैग

जानकारी के अनुसार भोपाल निवासी मेघा चौरासिया अपने पति हिमांशु चौरासिया के साथ ट्रेन नंबर 11465 सोमनाथ-वेरावल-जबलपुर एक्सप्रेस से अहमदाबाद से भोपाल यात्रा कर रही थीं। महिला एच-1 कोच की सीट नंबर 3 पर सफर कर रही थीं, जबकि उनके पति दूसरे कोच में थे।

महिला ने पुलिस को बताया कि उन्होंने सफेद रंग का बैग अपने पैर के पास कंबल के नीचे रखा था। बैग में सोने का मंगलसूत्र, हार, अंगूठियां, कान की बालियां, ब्रेसलेट सहित कई कीमती जेवर रखे थे। इसके अलावा दो Apple iPhone और करीब चार हजार रुपये नकद भी मौजूद थे।

संदिग्ध युवक के चलती ट्रेन से कूदने की सूचना

महिला के अनुसार 12 मई की सुबह बेरछा स्टेशन के पास उनके बच्चे अथर्व के रोने पर नींद खुली तो बैग गायब मिला। इसके बाद कोच अटेंडर से पूछताछ की गई। अटेंडर ने बताया कि बेरछा स्टेशन के आउटर के पास सफेद शर्ट और फ्रेंच दाढ़ी वाला एक युवक चलती ट्रेन से कूदकर भागता दिखाई दिया था।

बाद में टीटीई ने जानकारी दी कि ट्रेन के बाथरूम में तीन पर्स मिले हैं, जिन्हें सीहोर आरपीएफ को जमा कराया गया है। इसके बाद भोपाल पहुंचकर महिला ने जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (सी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ट्रेनों में बढ़ रही चोरी की घटनाएं

जानकारी के अनुसार पिछले एक महीने में ट्रेनों में चोरी की 12 से 13 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हालांकि कई मामलों में कम रकम होने के कारण यात्री औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराते।

Author

Related Articles

Back to top button