भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर का 18 मई को सिंगरौली आगमन
कार्यकर्ताओं में उत्साह, स्वागत को लेकर तैयारियां तेज

सिंगरौली। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर का 18 मई को पहली बार सिंगरौली जिले में आगमन प्रस्तावित है। प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन को लेकर भाजयुमो एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार जिले के प्रवेश द्वार झोखो में भाजयुमो जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद जिले के विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित होंगे और काफिले के साथ उन्हें शहर लाया जाएगा।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह परमार ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर सिंगरौली प्रवास के दौरान युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा युवा जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, स्वागत व्यवस्था एवं विभिन्न जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए। बैठक में वीरेंद्र गोयल, विक्रम सिंह, सौरभ देव पांडेय तथा सौरभ गुप्ता सहित युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













