फर्जी आईडी बनाकर आदिवासी महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप
पीड़िता ने बरका चौकी में की शिकायत, कार्रवाई की लगाई गुहार

सिंगरौली। जिले के सरई थाना अंतर्गत बरका चौकी क्षेत्र की एक आदिवासी महिला का कथित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने अज्ञात व्यक्ति पर फर्जी आईडी बनाकर वीडियो और फोटो वायरल करने का आरोप लगाया है तथा पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
महिला द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार वह अधिक शिक्षित नहीं है। कुछ समय पहले उसकी पहचान एक अज्ञात व्यक्ति से व्हाट्सएप कॉलिंग के माध्यम से हुई थी। आरोप है कि उक्त व्यक्ति वीडियो कॉल के दौरान महिला की जानकारी के बिना वीडियो रिकॉर्डिंग करता रहा। जब महिला को इस बात की जानकारी हुई तो उसने उससे बातचीत बंद कर दी।
इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से महिला का अश्लील वीडियो फेसबुक पर अपलोड कर वायरल कर दिया। मामले की जानकारी होने पर पीड़िता ने बरका चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
महिला का कहना है कि उसके दो बच्चे और पति हैं तथा वीडियो वायरल होने से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है। पीड़िता ने 181 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक उसे न्याय नहीं मिला है।
स्थानीय लोगों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस से जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वीडियो हटवाने की मांग की है। वहीं लोगों का कहना है कि महिलाओं, विशेषकर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की महिलाओं की साइबर सुरक्षा को लेकर प्रशासन को और अधिक सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।













