छोटी बस्तियों से बड़े सपनों तक : एनसीएल के ‘सेवा कुटीर’ से बदल रहा बच्चों का भविष्य

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की सीएसआर पहल “सेवा कुटीर” दूरस्थ गांवों और आदिवासी बस्तियों के बच्चों के जीवन में नई उम्मीद जगा रही है। पारिवार एजुकेशन सोसाइटी के सहयोग से संचालित इस पहल के तहत सिंगरौली के 25 गांवों में बच्चों को पूरक शिक्षा, पोषण और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। वर्तमान में 2000 से अधिक बच्चे इसका लाभ ले रहे हैं।
इन केंद्रों पर बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल-कूद, योग, चित्रकला, कहानी, हस्तशिल्प और नैतिक शिक्षा दी जा रही है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। बच्चों की सीखने की क्षमता के अनुसार उन्हें विशेष मार्गदर्शन भी दिया जाता है।
“सेवा कुटीर” का उद्देश्य बच्चों को नवोदय विद्यालय, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और कन्या शिक्षा परिसर जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में प्रवेश के लिए तैयार करना भी है। पिछले वर्ष 89 बच्चों ने नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा दी, जबकि 131 बच्चों ने एकलव्य विद्यालय के लिए आवेदन किया।
जमथिवा कुटीर की सुनीता देवी, विकास बैगा और नीलम देवी जैसे बच्चों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की परीक्षा उत्तीर्ण कर नई सफलता हासिल की है। एनसीएल की यह पहल बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और बड़े सपने देखने का साहस विकसित कर रही है।













