देवसर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में अवैध शराब और महुआ लाहन जब्त

सिंगरौली,। जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने देवसर वृत्त में बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी सतीश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में आबकारी टीम ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर विभिन्न ग्रामों में दबिश दी।
इस छापामार कार्रवाई में उत्तर प्रदेश की मदिरा सहित कुल 30.31 बल्क लीटर अवैध मदिरा और सामग्री जब्त की गई। जब्त माल में 100 किलोग्राम महुआ लाहन, 31 पाव देसी मदिरा प्लेन, 16 पाव देसी मदिरा मसाला, 32 नग केन और 09 बोतल बीयर शामिल है। अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 20,135 रुपये बताया गया है।
इस कार्रवाई में प्रदीप कोरी (छुईलहवा), लालू जायसवाल (लमसराई), लहुरमनी प्रसाद वैश्य, समारू साकेत (देवरा) और पूजा राय (गुलहरिया) नामजद आरोपी शामिल हैं। उनके खिलाफ म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 संशोधन 2000 की धारा 34 (1)(क) एवं (च) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
देवसर वृत्त प्रभारी और आबकारी उपनिरीक्षक नीलिमा मार्को के नेतृत्व में आबकारी आरक्षक रामनरेश साहू, आलोक सिंह, अमरपाल सिंह और संध्या मेहरा ने इस कार्रवाई में मुख्य भूमिका निभाई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।













