कोर्ट में समय पर जवाब पेश नहीं करना पड़ा भारी, जिला आयुष अधिकारी निलंबित

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर और नरसिंहपुर जिले की जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुरतना सिंह चौहान को भोपाल आयुष विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई न्यायालय में लंबित एक महत्वपूर्ण मामले में समयसीमा के भीतर विभागीय जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण की गई है। संभागीय आयुष अधिकारी अर्चना मरावी ने निलंबन आदेश की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार अदालत द्वारा तय समयसीमा के भीतर विभाग को अपना पक्ष प्रस्तुत करना था, लेकिन जिला स्तर पर लापरवाही के चलते जवाब समय पर दाखिल नहीं किया जा सका। मामले को गंभीरता से लेते हुए भोपाल स्थित उच्च अधिकारियों ने समीक्षा की और इसे कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की।
निलंबन के बाद डॉ. सुरतना सिंह चौहान को संभागीय मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। जांच पूरी होने तक उन्हें नियमित रूप से मुख्यालय में उपस्थित रहना होगा। इस कार्रवाई के बाद आयुष विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि डॉ. चौहान के पास जबलपुर के साथ-साथ नरसिंहपुर जिले का अतिरिक्त प्रभार भी था। दो जिलों की जिम्मेदारी होने के कारण कार्यभार अधिक था, हालांकि विभाग अब यह जांच करेगा कि चूक अतिरिक्त जिम्मेदारी के कारण हुई या व्यक्तिगत लापरवाही की वजह से।
विभागीय सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में मामले की विस्तृत जांच के लिए समिति गठित की जा सकती है। इस कार्रवाई को प्रदेश के अन्य अधिकारियों के लिए भी कड़ा संदेश माना जा रहा है कि अदालती मामलों और वैधानिक प्रक्रियाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।













