बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

पनागर के सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के पनागर स्थित सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र में शनिवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे केंद्र को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की चपेट में आने से केंद्र में रखे कंप्यूटर सिस्टम, सीसीटीवी कैमरों की केबल, फर्नीचर, जरूरी दस्तावेज, पंखे और अन्य प्रशिक्षण सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने कमरे से धुआं और आग की तेज लपटें उठती देख तत्काल नगर पालिका परिषद के दमकल विभाग और प्रशासन को सूचना दी।

स्थानीय नागरिकों और कर्मचारियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि उसका काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने की घटना के बाद केंद्र में संचालित सभी प्रशिक्षण गतिविधियां प्रभावित हो गई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फिलहाल प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान के विस्तृत आंकलन में जुटा हुआ है।

Author

Related Articles

Back to top button