कांवड़ यात्रा में एयरगन से हवाई फायरिंग पर बवाल, पुलिस ने जब्त की बंदूक; युवकों से हुआ विवाद

जबलपुर। गौरीघाट से ओमती के लिए निकली कांवड़ यात्रा के दौरान शनिवार देर रात एयरगन से हवाई फायरिंग को लेकर हंगामा हो गया। सैकड़ों कांवड़ियों की मौजूदगी के बीच एक युवक ने कथित तौर पर एयरगन से फायर कर दिया। आवाज सुनते ही सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर एयरगन अपने कब्जे में ले ली।
एयरगन जब्त किए जाने के बाद कुछ युवक पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिस को घेरने तथा धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद अतिरिक्त पुलिस बल ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद यात्रा आगे रवाना हुई।
घटना का वीडियो सोमवार को सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि एयरगन से फायरिंग करने वाले युवक और विवाद में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि धार्मिक यात्राओं में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में भीड़ के बीच किसी भी प्रकार की फायरिंग गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक एयरगन लेकर यात्रा में कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में फायरिंग की गई।










