बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सड़क पर प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला के लिए देवदूत बनी सिंगरौली पुलिस, एफआरवी से पहुंचाया अस्पताल

 

सिंगरौली। सिंगरौली पुलिस ने एक बार फिर संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला की समय पर मदद कर जच्चा-बच्चा दोनों की जान सुरक्षित बचाई। पुलिस की तत्परता से महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मां और नवजात दोनों को स्वस्थ बताया।

जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के करीब 4 बजे खुटार चौकी की एफआरवी-04 नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान खुटार बाजार के पास बाबूलाल केवट निवासी ग्राम ढेकी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी सुमन केवट (25) को प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटार ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल खराब हो गई। इसी बीच सड़क पर ही महिला का प्रसव हो गया और अस्पताल पहुंचाने के लिए कोई साधन उपलब्ध नहीं था।

सूचना मिलते ही एफआरवी में तैनात आरक्षक योगेन्द्र मिश्रा और पायलट रामभुवन शाह ने तत्काल चौकी प्रभारी उप निरीक्षक श्रीमती शीतला यादव एवं रात्रि मुंशी प्रधान आरक्षक सच्चिदानंद तिवारी को अवगत कराया। पुलिस टीम ने बिना विलंब किए नवप्रसूता और नवजात को पूरी सावधानी के साथ एफआरवी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटार पहुंचाया।अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें जच्चा और बच्चा पूरी तरह सुरक्षित पाए गए। परिजनों ने समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए सिंगरौली पुलिस का आभार व्यक्त किया।

इस मानवीय कार्य में चौकी प्रभारी श्रीमती शीतला यादव, प्रधान आरक्षक सच्चिदानंद तिवारी, आरक्षक योगेन्द्र मिश्रा तथा एफआरवी पायलट रामभुवन शाह की सराहनीय भूमिका रही।

Author

Related Articles

Back to top button