एनसीएल एक्सप्रेस-वे पर कैंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत

सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम नवनिर्मित एनसीएल एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कैंपर वाहन की टक्कर से हुई इस दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार, मेढ़ौली निवासी बब्बेलाल बैगा ओबी कंपनी चड्ढा में कार्यरत थे। शनिवार को ड्यूटी समाप्त कर वह अपनी मोटरसाइकिल (एमपी 66 जेडए 7811) से बाजार होते हुए घर लौट रहे थे। शुक्ला मोड़ से आगे पुलिया के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को तत्काल एनसीएल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि कैंपर पर अंकित वाहन क्रमांक संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और इसकी जांच की जानी चाहिए। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कैंपर वाहन को जब्त कर लिया है तथा चालक की तलाश के साथ वाहन के पंजीयन, दस्तावेजों और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।













