बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनसीएल अमलोरी में करोड़ों की ड्रिल मशीन जलकर खाक, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सिंगरौली। जिले के नवानगर थाना क्षेत्र स्थित नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की अमलोरी परियोजना में शनिवार को एक बड़ी औद्योगिक दुर्घटना सामने आई। खदान क्षेत्र में कार्यरत ड्रिल मशीन क्रमांक-9 में अचानक आग लगने से करोड़ों रुपये की मशीन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। घटना के बाद परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, अमलोरी परियोजना के तुर्रा सीम फॉल्ट क्षेत्र में कार्य के दौरान ड्रिल मशीन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी मशीन उसकी चपेट में आ गई। कर्मचारियों के अनुसार जिस स्थान पर मशीन कार्यरत थी, वहां तक अग्निशमन वाहन पहुंचना संभव नहीं था, जिसके कारण समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
घटना में मशीन पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। परियोजना प्रबंधन की ओर से भी घटना को लेकर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।

स्थानीय कर्मचारियों का कहना है कि यदि दुर्गम क्षेत्र में भारी मशीनरी संचालित की जा रही थी, तो आपात स्थिति से निपटने के पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होने चाहिए थे। उनका आरोप है कि परियोजना में सुरक्षा संबंधी घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए।

फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आग लगने के कारणों का खुलासा कब होगा और यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button