सिंगरौली में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, CSP उमेश प्रजापति और SDOP राहुल सैयाम का तबादला

सिंगरौली। मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग ने राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले करते हुए शनिवार देर रात 65 डीएसपी स्तर के अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं की हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल का असर सिंगरौली जिले पर भी पड़ा है, जहां नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) विंध्यनगर और एसडीओपी चितरंगी के पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
जारी आदेश के अनुसार, विंध्यनगर के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) उमेश प्रजापति तथा चितरंगी के एसडीओपी राहुल कुमार सैयाम का तबादला कर उन्हें सहायक सेनानी, हॉक फोर्स, बालाघाट पदस्थ किया गया है।
वहीं, हेमंत कुमार को नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी), विंध्यनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही ललित बैरागी को एसडीओपी चितरंगी के पद पर नियुक्त किया गया है।
गृह विभाग द्वारा जारी तबादला सूची में प्रदेशभर के कई जिलों के पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। इसके अलावा बालाघाट स्थित हॉक फोर्स में डीएसपी स्तर के 18 अधिकारियों की सहायक सेनानी के रूप में पदस्थापना की गई है, जबकि बालाघाट जिले में चार नए एसडीओपी भी नियुक्त किए गए हैं।
प्रशासनिक दृष्टि से इस फेरबदल को पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए अधिकारियों के जल्द ही कार्यभार ग्रहण करने की संभावना है।













