मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन, प्रभारी तहसीलदार अमित मिश्रा सम्मानित

सिंगरौली। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण में उत्कृष्ट कार्य करने पर तहसील सरई के प्रभारी तहसीलदार अमित कुमार मिश्रा को कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी गौरव बैनल ने प्रशस्ति पत्र जारी कर बधाई दी है।
कलेक्टर द्वारा जारी प्रशस्ति पत्र में उल्लेख किया गया है कि मई माह की शिकायतों के निराकरण के आधार पर 20 जून को जारी प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में राजस्व विभाग ने 84.03 अंक (ए ग्रेड) प्राप्त करते हुए अपने समूह में दूसरा तथा प्रदेश के 55 जिलों में सातवां स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि में तहसील सरई का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा, जहां शिकायतों के समाधान में 88.88 अंक (ए ग्रेड) अर्जित किए गए।
कलेक्टर गौरव बैनल ने अपने संदेश में कहा कि जनशिकायतों के त्वरित, संतोषजनक एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण में प्रभारी तहसीलदार अमित मिश्रा की भूमिका सराहनीय रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी वे इसी प्रतिबद्धता और कार्यकुशलता के साथ आमजन की समस्याओं के समाधान में योगदान देते रहेंगे।
कलेक्टर ने उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यों के लिए उन्हें बधाई दी। यह उपलब्धि न केवल तहसील सरई बल्कि पूरे जिले के राजस्व प्रशासन के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।













