बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सीमांकन, नामांतरण और बंटवारा प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करें राजस्व अधिकारी : कलेक्टर गौरव बैनल

सिंगरौली। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी गौरव बैनल ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रकरण समय-सीमा के बाहर लंबित नहीं रहना चाहिए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीमांकन एवं बेदखली आदेशों के पालन के दौरान यदि कोई व्यक्ति शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए। साथ ही राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरे करने और सीमांकन प्रकरणों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को न्यायालयों का नियमित निरीक्षण करने, “पटवारी दिवस” पर पटवारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा राजस्व अभिलेखों के सुधार, डायवर्जन, जाति प्रमाण-पत्र और भू-अर्जन भुगतान से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।

बैठक में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत शत-प्रतिशत ई-केवाईसी एवं फार्मर रजिस्ट्री के लिए विशेष शिविर आयोजित करने, शासकीय भवनों हेतु भूमि आवंटन के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, प्राकृतिक आपदा पीड़ितों को समय पर राहत राशि उपलब्ध कराने तथा मानसून के मद्देनजर पुल-पुलियों का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, मानव अधिकार आयोग और मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त शिकायतों के संवेदनशील एवं समयबद्ध निराकरण पर विशेष बल देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर अखिलेश सिंह एवं संजीव पांडेय, एसडीएम सुरेश जाधव, सौरव मिश्रा, देवेंद्र द्विवेदी, नंदन तिवारी, डिप्टी कलेक्टर माइकल तिर्की सहित जिले के सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button