सांसद की अध्यक्षता में आयोजित रोगी कल्याण समिति की बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर दिया गया जोर

सिंगरौली। जिला चिकित्सालय एवं ट्रॉमा सेंटर में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में रोगी कल्याण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने की। इस दौरान विधायक रामनिवास शाह, कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्थाओं, मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य संसाधनों की समीक्षा की गई। सांसद ने निर्देश दिए कि उपलब्ध चिकित्सकीय एवं मानव संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाए तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त स्टाफ का प्रस्ताव शीघ्र भेजा जाए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जिला चिकित्सालय में ब्लड बैंक की स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाने, अस्पताल की लिफ्ट का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक रेफरल रोकने के निर्देश दिए गए। साथ ही ऑर्थोपेडिक सर्जरी के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने और ट्रॉमा सेंटर में ही अधिक से अधिक मरीजों का उपचार करने पर बल दिया गया।
इसके अलावा बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण, अस्पताल परिसर में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने, जल गुणवत्ता की नियमित जांच तथा मरीजों के लिए एंबुलेंस और अन्य परिवहन सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।













