जल खाता तालाब के जीर्णोद्धार कार्य को लेकर प्रशासन ने की स्थिति स्पष्ट

सिंगरौली। ग्राम पंचायत मझोली में संचालित जल खाता तालाब के जीर्णोद्धार कार्य को लेकर प्रकाशित समाचारों के बाद जिला प्रशासन ने वस्तुस्थिति स्पष्ट की है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि तालाब के गहरीकरण एवं जीर्णोद्धार का कार्य पूरी तरह अडानी ग्रुप द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) निधि से कराया जा रहा है। इस कार्य की तकनीकी निगरानी और वेंडर का चयन भी कंपनी द्वारा ही किया गया है।
प्रशासन के अनुसार इस परियोजना के लिए ग्राम पंचायत मझोली को किसी प्रकार की शासकीय राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है और न ही पंचायत द्वारा कोई सरकारी धन व्यय किया गया है। पंचायत की भूमिका केवल तालाब के जीर्णोद्धार का वैधानिक प्रस्ताव पारित करने तक सीमित रही है, जबकि कार्य की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता की जिम्मेदारी अडानी ग्रुप की है।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने जल खाता तालाब का जीर्णोद्धार कार्य तेजी से प्रगति पर पाया। वहीं प्रेमलाल विश्वकर्मा के घर के समीप प्रस्तावित नए तालाब के निर्माण के लिए तकनीकी औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा कि जल संरक्षण से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की नियमित तकनीकी निगरानी की जा रही है, ताकि वर्षा जल का अधिकतम संचयन सुनिश्चित हो सके और ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके।













