राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ, बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक

सिंगरौली। जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ रविवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, नगर पालिक निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय तथा पार्षद संतोष शाह ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक अभियान से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए जनभागीदारी और जागरूकता बेहद आवश्यक है तथा सभी के सहयोग से ही पोलियो मुक्त भारत का लक्ष्य साकार किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान जिलेभर में निर्धारित पोलियो बूथों के साथ-साथ घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।













