सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश, नियम तोड़ने वाले ट्रांसपोर्टर होंगे ब्लैकलिस्ट

सिंगरौली। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने की। इस दौरान विधायक रामनिवास शाह, कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं औद्योगिक कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में सांसद ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रति “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, ड्रिंक एंड ड्राइव पर कड़ी कार्रवाई तथा सड़क सुरक्षा के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। साथ ही दुर्घटना का कारण बनने वाले वाहनों के परमिट और फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में औद्योगिक कंपनियों और ट्रांसपोर्टरों को भी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन करने वाले ट्रांसपोर्टरों को ब्लैकलिस्ट करने, भारी वाहनों के लिए अलग पार्किंग और निर्धारित कॉरिडोर विकसित करने तथा सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने की बात कही गई।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूलों के बाहर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और गति सीमा संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा शहर में अतिक्रमण हटाने, बंद ट्रैफिक सिग्नलों और स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने, सड़कों के गड्ढे भरने तथा मानसून के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।













