तिरुवनंतपुरम में पीएम मोदी की जनसभा, बोले—केरल में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है

तिरुवनंतपुरम।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह क्षण उनके लिए भावुक है और लाखों कार्यकर्ताओं की वर्षों की मेहनत अब रंग ला रही है। सभा में दिख रही ऊर्जा और उत्साह से यह साफ संकेत मिल रहा है कि केरल में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है।
प्रधानमंत्री ने अपने राजनीतिक सफर का उदाहरण देते हुए गुजरात का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1987 से पहले गुजरात में भाजपा एक सीमित पार्टी थी, लेकिन उसी वर्ष अहमदाबाद नगर निगम में पहली जीत ने बदलाव की नींव रखी। जिस तरह गुजरात में शुरुआत एक शहर से हुई, उसी तरह हाल ही में तिरुवनंतपुरम में मिली सफलता के जरिए केरल में भी जनता भाजपा से जुड़ रही है।
एलडीएफ-यूडीएफ पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने राज्य की एलडीएफ और यूडीएफ सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि दशकों से इन दोनों दलों ने तिरुवनंतपुरम को बुनियादी सुविधाओं और आधुनिक ढांचे से वंचित रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों मोर्चों की नीतियों में कोई खास अंतर नहीं है और इनके कार्यकाल भ्रष्टाचार, कुप्रबंधन और तुष्टीकरण की राजनीति से भरे रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा और एनडीए एक तीसरा विकल्प हैं, जो विकास और सुशासन को प्राथमिकता देता है। उन्होंने तिरुवनंतपुरम को पूरे देश के लिए एक मॉडल शहर बनाने और इसे भारत के सर्वश्रेष्ठ शहरों में शामिल करने का संकल्प दोहराया।
केंद्र की योजनाओं में रोड़े का आरोप
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केंद्र की कई जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा डाल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), नल से जल योजना और पीएम श्री योजना के तहत आधुनिक स्कूलों के लाभ गरीबों तक नहीं पहुंचने दिए जा रहे हैं।
मछुआरों और बुनियादी ढांचे पर जोर
मछुआरों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि पीएम मत्स्य संपदा योजना के तहत केरल को लगभग 1,400 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। उन्होंने कहा कि पहली बार मत्स्य पालन के लिए अलग मंत्रालय बनाया गया, मछुआरों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी गई और गहरे समुद्र में मछली पकड़ने के लिए नौकाओं के आधुनिकीकरण में मदद की जा रही है।
बुनियादी ढांचे को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि केरल का पूरा रेल नेटवर्क विद्युतीकृत हो चुका है। राज्य में तीन वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं और हाल ही में अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत भी की गई है।
सबरीमाला और भ्रष्टाचार का मुद्दा
प्रधानमंत्री ने भगवान अयप्पा और सबरीमाला मंदिर का जिक्र करते हुए एलडीएफ सरकार पर परंपराओं को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने मंदिर से सोने की चोरी के मामलों का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।
भ्रष्टाचार पर हमला करते हुए पीएम मोदी ने सहकारी बैंक घोटाले का उल्लेख किया और कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग की मेहनत की कमाई लूटी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा को मौका मिलने पर लूटा गया हर रुपया वापस लाया जाएगा।
कांग्रेस पर तीखा प्रहार
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है और वह केरल को अपनी राजनीतिक प्रयोगशाला बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राज्य में कट्टरपंथी तत्वों को बढ़ावा दे रही है।













