सिंगरौली में सहकारिता समिति कर्मचारियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सिंगरौली। हिमांशु पाठक अध्यक्ष जिला सिंगरौली के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सहकारिता समिति कर्मचारी महासंघ, भोपाल इकाई के सदस्य और उचित मूल्य दुकान विक्रेता सैकड़ों की संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अपनी लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों और विक्रेताओं ने ज्ञापन में कहा कि जिले की कई समितियों में 7 से 8 माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने सभी लंबित वेतन का तत्काल भुगतान और भविष्य में नियमित वेतन सुनिश्चित करने की मांग की।
महासंघ ने एरियर्स का भुगतान, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना (पीएमजीवाई) के अंतर्गत लंबित कमीशन राशि का भुगतान, समितियों को प्राप्त प्रबंधकीय अनुदान राशि का वितरण और राशन वितरण में होने वाली क्षति की भरपाई के लिए प्रति क्विंटल 2 किलो घटती स्वीकृत करने की भी मांग की।
ज्ञापन में विक्रेताओं को कुशल श्रमिक का दर्जा देने, मानदेय और शासन द्वारा स्वीकृत 3 हजार रुपये प्रतिमाह अतिरिक्त मानदेय की लंबित राशि का भुगतान कराने की मांग भी रखी गई। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि शासन से 54 हजार रुपये अतिरिक्त राशि मिलने के बावजूद विक्रेताओं को अब तक भुगतान नहीं किया गया है।
महासंघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।













