ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

शासकीय महाविद्यालय रजमिलान में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सिंगरौली। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 31 मई को शासकीय महाविद्यालय रजमिलान में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियों सहित कई घातक रोगों का कारण बनता है।

कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राओं ने “तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो” सहित विभिन्न नारों के माध्यम से लोगों को नशामुक्त जीवन का संदेश दिया।

इसके साथ ही विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय स्टाफ ने तंबाकू का सेवन न करने तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। कार्यक्रम में भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने तंबाकू के दुष्प्रभावों पर अपने विचार व्यक्त किए। पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता के माध्यम से भी तंबाकू निषेध का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
प्राचार्य डॉ. संजय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ युवा ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Author

Related Articles

Back to top button