ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नई दिल्ली में शिवसेना की राष्ट्रीय बैठक, संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर जोर

सिंगरौली- शिवसेना के प्रमुख नेता एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नई दिल्ली स्थित अपने निवास पर विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों और पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को मजबूत बनाने तथा जनसेवा गतिविधियों के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए एकनाथ शिंदे ने संगठन को जिला, तहसील और वार्ड स्तर तक सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने सभी प्रदेश अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ते हुए संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करें।

इस दौरान विभिन्न राज्यों में जनसेवा कार्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एम्बुलेंस सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना पर भी चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इससे जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
एकनाथ शिंदे ने अपने संबोधन में जीवन संघर्षों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से आनंद दिघे के आदर्शों, कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

बैठक में विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों ने संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्रीय समस्याओं से जुड़े सुझाव प्रस्तुत किए। शिंदे ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक समाधान और सहयोग का आश्वासन दिया।

इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिजीत अडसुल ने विभिन्न राज्यों में संगठन द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की। बैठक में सदस्यता अभियान को और प्रभावी बनाने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।

बैठक में मध्य प्रदेश के प्रभारी सुरेश गुर्जर सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। जानकारी पं. राजीव चतुर्वेदी, प्रदेश प्रमुख, शिवसेना मध्य प्रदेश द्वारा दी गई।

Author

Related Articles

Back to top button