कर्तव्य के प्रति लापरवाही पर सहायक समिति प्रबंधक निलंबित
सिंगरौली, 10 जून 2026। उचित मूल्य दुकान के विक्रेताओं के लंबित वेतन एवं अतिरिक्त मानदेय भुगतान संबंधी शिकायतों के निराकरण में गंभीर लापरवाही बरतने पर बी-पैक्स गढ़वा के सहायक समिति प्रबंधक श्री अनिल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार समिति के विक्रेताओं द्वारा विगत सात माह से वेतन एवं अतिरिक्त मानदेय का भुगतान न होने की शिकायत कार्यालय उप आयुक्त सहकारिता, सिंगरौली में की गई थी। इस संबंध में उप आयुक्त सहकारिता द्वारा सहायक समिति प्रबंधक से निर्धारित समयावधि में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे, किन्तु निर्देशों के बावजूद जानकारी प्रस्तुत नहीं की गई। इसके बाद पुनः विक्रेताओं द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने पर मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
निर्देशों के अनुपालन में सहायक समिति प्रबंधक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था। प्रस्तुत जवाब का परीक्षण किए जाने पर उसे असंतोषजनक पाया गया। कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही एवं उदासीनता को देखते हुए सक्षम प्राधिकारी द्वारा श्री अनिल सिंह, सहायक समिति प्रबंधक, बी-पैक्स गढ़वा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय समिति कार्यालय गढ़वा निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।









