शासकीय महाविद्यालय रजमिलान में ‘मानस’ कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को सिखाए तनाव प्रबंधन के गुर

सिंगरौली: शासकीय महाविद्यालय रजमिलान में ‘मानस’ कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से मुक्ति दिलाना, सकारात्मक सोच का विकास करना और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सचेत करना था।
कार्यक्रम में “परीक्षा तनाव, मानसिक स्वास्थ्य एवं सकारात्मक सोच” विषय पर मुख्य वक्ता संजय सिंह ने संबोधित किया। उन्होंने परीक्षा के दौरान तनाव प्रबंधन, आत्मविश्वास, समय प्रबंधन तथा सकारात्मक दृष्टिकोण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि निरंतर प्रयास और नियमित अध्ययन से किसी भी चुनौती का सामना किया जा सकता है।
वहीं, “मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता – बात करें, छुपाएँ नहीं” विषय पर प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने अपनी बात रखी। उन्होंने मानसिक तनाव या किसी भी मनोवैज्ञानिक समस्या को छिपाने के बजाय परिवार, मित्रों और विशेषज्ञों से साझा करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को सहयोगपूर्ण वातावरण देने का आग्रह किया।
इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों और अभिभावकों ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। महाविद्यालय परिवार ने इस आयोजन को छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद उपयोगी बताया।













