गांजा बेचते युवक गिरफ्तार, हाथ में झोला लेकर फोरलेन पर ग्राहक का कर रहा था इंतजार

सिंगरौली। नशामुक्त अभियान के तहत मोरवा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर एक युवक को अवैध मादक पदार्थ गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत एवं पुलिस अधीक्षक शियाज के. एम. के कुशल निर्देशन तथा एसडीओपी रोशनी कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मोरवा ज्ञानेंद्र सिंह की टीम द्वारा अंजाम दी गई।
पुलिस के अनुसार, 13 जून को मोरवा पुलिस को मुखबिर के माध्यम से पुख्ता जानकारी मिली थी कि ग्राम कुशवई में एनएच-39 फोरलेन रोड पर एक व्यक्ति हरे रंग की शर्ट पहने खड़ा है। वह हाथ में सफेद रंग का झोला लिए हुए है, जिसमें अवैध मादक पदार्थ गांजा है और वह उसे बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोरवा ने तत्काल एक्शन लिया और एक विशेष टीम गठित कर मौके के लिए रवाना किया।
पुलिस टीम ने ग्राम कुशवई फोरलेन पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को चारों तरफ से घेराबंदी कर दबोच लिया। जब पुलिस ने उसके पास मौजूद सफेद रंग के झोले की तलाशी ली, तो उसमें से 464 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम धर्मेंद्र उर्फ मसाला (32 वर्ष), पिता रामकेश गुप्ता, निवासी सर्किट हाउस रोड मोरवा (हाल मुकाम जगमोरवा, थाना मोरवा) बताया। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 8/20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर उसे विवेचना में लिया है।
इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में मोरवा थाने के सउनि संतोष सिंह, सउनि संजीत सिंह, प्रधान आरक्षक कुलदीप शर्मा, अर्जुन सिंह, श्यामसुन्दर बैस तथा आरक्षक सौरभ सिंह, सर्वेश यादव, आकाश पटेल और अजय यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













