लंदन थीम मेले में मिले 3 बाल श्रमिक, श्रम विभाग की छापामार कार्रवाई
बच्चों को किया सीडब्ल्यूसी के सुपुर्द, मेला संचालक पर एफआईआर की तैयारी; प्रतिबंधित ‘मौत का कुआं’ संचालन पर भी उठे सवाल

सिंगरौली। बैढ़न मुख्यालय स्थित एनसीएल बाउंड्री बिलौजी में आयोजित लंदन थीम मेले में श्रम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग बाल श्रमिकों को दस्तयाब किया है। मेले के पहले ही दिन हुई इस कार्रवाई से मेला संचालकों में हड़कंप मच गया। श्रम विभाग की टीम ने तीनों बच्चों को तत्काल संरक्षण में लेकर बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सुपुर्द कर दिया है। वहीं मेला संचालक के खिलाफ स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार श्रम विभाग को मेले में बाल श्रमिकों से काम कराए जाने की सूचना मिली थी। शिकायत के आधार पर श्रम विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच के दौरान तीन नाबालिग बच्चे काम करते पाए गए। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए बच्चों को मुक्त कराया।
मामले में एक और गंभीर पहलू सामने आया है। बताया जा रहा है कि मेले में प्रतिबंधित “मौत का कुआं” खेल का भी संचालन किया जा रहा है। जबकि मध्यप्रदेश में इस प्रकार के खेल पर पूर्ण प्रतिबंध है। आरोप है कि यहां बिना नंबर और जर्जर वाहनों से खतरनाक करतब दिखाए जा रहे हैं, जिससे दर्शकों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
गौरतलब है कि एनसीएल ने अपनी बाउंड्री की जमीन पर मेला आयोजन की अनुमति पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षा मानकों और निर्धारित नियमों के पालन की शर्त पर दी थी। अनुमति पत्र में स्पष्ट उल्लेख है कि किसी भी शर्त के उल्लंघन की स्थिति में अनुमति स्वतः निरस्त मानी जाएगी।
बाल श्रम और प्रतिबंधित गतिविधियों के सामने आने के बाद मेला संचालक की अनुमति रद्द होने की संभावना बढ़ गई है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बाल श्रम और नियमों के उल्लंघन के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।













