बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनटीपीसी की मुख्य कैनाल में मिला अज्ञात युवक का शव, चेहरे पर चोट के निशान

सिंगरौली। विंध्यनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एनटीपीसी की मुख्य कैनाल नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव सेमरा बाबा मंदिर के पास ढोंगा पुलिया के निकट नहर के पानी में उतराता हुआ दिखाई दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 10 बजे राहगीरों की नजर नहर में तैरते शव पर पड़ी। इसके बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही विंध्यनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। युवक के चेहरे पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। हालांकि ये चोटें कैसे लगीं और मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने शव को जिला अस्पताल ट्रॉमा सेंटर की मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों और विभिन्न थानों में जानकारी जुटाई जा रही है।

विंध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी ने बताया कि युवक की पहचान के लिए पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के शक्तिनगर थाना पुलिस को भी सूचना दी गई है। विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मृतक की शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला दुर्घटना, आत्महत्या अथवा किसी अन्य कारण से जुड़ा है।

Author

Related Articles

Back to top button