डीके समर्थकों की नारेबाजी पर खड़गे नाराज, मंच से लगाई फटकार

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आयोजित कांग्रेस के ‘संकल्प समावेश’ कार्यक्रम के दौरान उस समय असहज स्थिति बन गई जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कार्यकर्ताओं को मंच से फटकार लगा दी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के समर्थन में लगातार “डीके-डीके” के नारे लगाए जा रहे थे, जिससे खड़गे नाराज हो गए।
मंच पर मौजूद खड़गे ने बीच भाषण रोकते हुए कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाया और स्पष्ट कहा कि यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि पार्टी में व्यक्ति पूजा की कोई जगह नहीं है और संगठन हमेशा व्यक्ति से बड़ा होता है।
खड़गे ने कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध है और इसकी समीक्षा कर उचित कदम उठाए जा सकते हैं।
इस दौरान कुछ समय के लिए मंच और सभास्थल पर सन्नाटा छा गया और नारेबाजी रुक गई। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि खड़गे का यह संदेश पार्टी के भीतर बढ़ते व्यक्तिकेंद्रित रुझान पर सख्त रुख का संकेत है।
घटना ऐसे समय सामने आई है जब कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व और गुटबाजी को लेकर पहले से ही राजनीतिक चर्चाएं चल रही हैं।













