नगर निगम आयुक्त ने किया सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण

अमृत-1 योजना के कार्यों की प्रगति पर आयुक्त ने जताया संतोष, एक माह में तीनों एसटीपी चालू करने के निर्देश
सिंगरौली,शहर की स्वच्छता एवं बेहतर सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अमृत-1 योजना के अंतर्गत चल रहे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) कार्यों की प्रगति का नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने जिला पंचायत सिंगरौली के समीप निर्माणाधीन एसटीपी एवं विंध्यनगर स्थित एसटीपी का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं संविदाकार को निर्देशित किया कि शेष कार्यों को तेजी से पूर्ण करते हुए गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि अमृत-1 योजना के अंतर्गत निर्मित किए जा रहे तीनों सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की कुल क्षमता 31 एमएलडी है। जोन-1 हिरवाह स्थित एसटीपी में इलेक्ट्रिकल कार्य शेष है, जोन-2 जिला पंचायत के पास स्थित एसटीपी का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा जोन-3 विंध्यनगर स्थित एसटीपी में भी केवल इलेक्ट्रिकल कार्य शेष है।
योजना के अंतर्गत 79 किलोमीटर सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 93 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। आयुक्त ने शेष पाइपलाइन कार्य एवं सीवर कनेक्शन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संविदाकार को प्रतिदिन अधिक से अधिक सीवर कनेक्शन पूर्ण करने एवं एक माह के भीतर तीनों एसटीपी को चालू करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने जोन-3 स्थित एसटीपी तक पहुंच मार्ग (एप्रोच रोड) का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अमृत-1 योजना के कार्य पूर्ण होने से शहरवासियों को बेहतर सीवरेज सुविधा उपलब्ध होगी।
निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री अमिताभ यादव, उपयंत्री विपिन तिवारी, उपयंत्री जितेंद्र कुमार एवं पीडीएमसी से इंजीनियर अजय कोरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।











