देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

दुनिया के सबसे शक्तिशाली भूकंप: जब धरती डोली और मची तबाही, 2004 की सुनामी में गई थी 2 लाख से ज्यादा जानें

 

नई दिल्ली। वेनेजुएला में हाल ही में आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। कई इमारतों को जमींदोज करने वाले इन झटकों ने एक बार फिर दुनिया को याद दिला दिया है कि प्रकृति के आगे इंसान कितना बेबस है। हालांकि, वेनेजुएला के इतिहास में यह बड़े झटके माने जा रहे हैं, लेकिन अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के आंकड़ों के अनुसार, दुनिया के अब तक के सबसे शक्तिशाली भूकंपों की सूची में इनकी जगह नहीं बन पाई है।

आइए एक नजर डालते हैं दुनिया के इतिहास में दर्ज अब तक के सबसे विनाशकारी और शक्तिशाली भूकंपों पर:

चिली (1960) – 9.5 तीव्रता: दुनिया का अब तक का सबसे शक्तिशाली भूकंप 1960 में चिली के बायोबियो क्षेत्र में दर्ज किया गया था। इसे “ग्रेट चिली भूकंप” के नाम से जाना जाता है। इस महाविनाशकारी जलजले में करीब 1,655 लोगों की जान गई थी और बड़े पैमाने पर तबाही हुई थी।

अलास्का (1964) – 9.2 तीव्रता: इस सूची में दूसरा नाम अलास्का भूकंप का है। यह भूकंप करीब चार मिनट तक महसूस किया गया था। इस आपदा में अलास्का और उसके आसपास के इलाकों में भारी नुकसान हुआ था और लगभग 130 लोगों की मौत हुई थी।

सुमात्रा, इंडोनेशिया (2004) – 9.1 तीव्रता: 2004 में सुमात्रा क्षेत्र में आया भूकंप दुनिया की सबसे दर्दनाक प्राकृतिक आपदाओं में गिना जाता है। समुद्र के भीतर आए इस जलजले ने खौफनाक सुनामी को जन्म दिया था, जिसने भारत सहित कई देशों के तटीय इलाकों में 2.8 लाख से अधिक लोगों की जान ले ली।

तोहोकू, जापान (2011) – 9.1 तीव्रता: जापान के तोहोकू में आए इस शक्तिशाली भूकंप ने आधुनिक दुनिया को झकझोर कर रख दिया था। भूकंप और उसके बाद आई सुनामी के कारण 15,000 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।

कामचटका, रूस (1952 और 2025): रूस के इस क्षेत्र में दो बड़े भूकंप आए। 1952 में आए 9.0 तीव्रता के भूकंप में करीब 15,000 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, वर्ष 2025 में इसी क्षेत्र में 8.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, हालांकि इसमें किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं थी।

अरुणाचल प्रदेश, भारत (1950) – 8.6 तीव्रता: भारत भी इस भयानक फेहरिस्त का हिस्सा है। आजादी के महज तीन साल बाद अरुणाचल प्रदेश में आए इस शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी, जिसमें करीब 780 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी।

अन्य बड़े भूकंप: इसके अलावा इतिहास में 1906 में इक्वाडोर (8.8 तीव्रता, 1,500 मौतें), 2010 में चिली (8.8 तीव्रता, 523 मौतें) और 1965 में अमेरिका के अलास्का में (8.7 तीव्रता, कोई मौत नहीं) भी भयानक झटके दर्ज किए जा चुके हैं।

Author

Related Articles

Back to top button