मध्य प्रदेश वूशु संघ की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ

सिंगरौली। मध्य प्रदेश वूशु संघ ने खेल गतिविधियों को डिजिटल मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपनी आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया। वेबसाइट का लोकार्पण मध्य प्रदेश वूशु संघ के अध्यक्ष एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो) जयदीप प्रसाद ने किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने भोपाल जिला वूशु संघ के नव-नियुक्त निर्णायकों (जजों) को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि वूशु खेल से जुड़े निर्णायक, प्रशिक्षक और अधिकारी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
मध्य प्रदेश वूशु संघ के सचिव मनोज गुप्ता ने बताया कि नई वेबसाइट के माध्यम से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और अधिकारियों को प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, नियमावली तथा अन्य आवश्यक जानकारियां एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी। इससे खेल गतिविधियों में पारदर्शिता बढ़ेगी और खिलाड़ियों को समय पर अधिकृत जानकारी मिल सकेगी।
कार्यक्रम में सिंगरौली वूशु संघ के अध्यक्ष ब्रिशेज सिंह, सचिव आशिक रसूल सहित खेल से जुड़े अनेक पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने वेबसाइट के शुभारंभ को प्रदेश में वूशु खेल के विकास और आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। इससे खिलाड़ियों और खेल संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद जताई गई।













