एनटीपीसी रिहंद के स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 38 यूनिट रक्त संग्रहित
धनवंतरी चिकित्सालय एवं रेडक्रॉस ब्लड सेंटर के संयुक्त प्रयास से हुआ आयोजन

सिंगरौली। एनटीपीसी रिहंद के धनवंतरी चिकित्सालय एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, सिंगरौली द्वारा संचालित रेडक्रॉस ब्लड सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था।
शिविर का शुभारंभ एनटीपीसी रिहंद के महाप्रबंधक (ओ एंड एम) पी.के. नायक ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सी.एस. पीटर्स, सीआईएसएफ कमांडेंट प्रकाश, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी सिंगरौली के सचिव डॉ. ओ.पी. राय तथा रेडक्रॉस ब्लड सेंटर के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. आर.डी. द्विवेदी सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताया और सभी नागरिकों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान कुल 38 यूनिट रक्त सफलतापूर्वक संग्रहित किया गया। रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया। संग्रहित रक्त का उपयोग दुर्घटना पीड़ितों, गंभीर रूप से बीमार मरीजों, थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों एवं अन्य जरूरतमंद रोगियों के उपचार में किया जाएगा।
शिविर के सफल संचालन में रेडक्रॉस ब्लड सेंटर के कर्मचारियों जय प्रकाश दुबे, राजेश रजक एवं शिवानी सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके समर्पण, टीमवर्क एवं कुशल समन्वय से पूरा आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं, अतिथियों तथा आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी जनहित के ऐसे कार्यों में सक्रिय सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया गया।













