देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

2027 की शुरुआत में भारत दौरे पर आ सकते हैं राष्ट्रपति ट्रंप, मार्को रुबियो ने दिए संकेत

 

वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वर्ष 2027 की शुरुआत में भारत का दौरा कर सकते हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने संकेत दिए हैं कि ट्रंप प्रशासन प्रस्तावित भारत दौरे की तैयारियों पर काम कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह स्वयं भी इस वर्ष के अंत तक भारत आकर राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

व्हाइट हाउस में दिए एक साक्षात्कार में रुबियो ने कहा कि ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हाल में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई मुलाकात सकारात्मक रही और भारत-अमेरिका संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को भी अंतिम चरण में बताया और कहा कि वार्ता सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है।

रुबियो ने भारत को अमेरिका का करीबी रणनीतिक साझेदार बताते हुए कहा कि दोनों देशों के नेताओं के बीच मजबूत व्यक्तिगत संबंध द्विपक्षीय सहयोग को नई मजबूती प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने क्वाड देशों की अगली बैठक को लेकर भी उत्साह व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछली बार फरवरी 2020 में भारत का दौरा किया था। तब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अहमदाबाद में आयोजित ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, प्रौद्योगिकी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग लगातार मजबूत होता गया है।

Author

Related Articles

Back to top button