बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

अंबेडकर चौक-बलियरी मार्ग पर गड्ढों का राज, वार्डवासियों का फूटा गुस्सा

रामलीला मैदान के पास बदहाल सड़क से पैदल चलना भी मुश्किल, एंबुलेंस और कचरा वाहन तक नहीं पहुंच पा रहे

सिंगरौली। शहर के अंबेडकर चौक से बलियरी जाने वाले प्रमुख मार्ग पर प्लाजा के समीप रामलीला मैदान के पास सड़क की बदहाली से स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कई वार्डों को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग लंबे समय से गहरे गड्ढों, कीचड़ और उखड़ी सड़क के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। हाल ही में गैस पाइपलाइन और सीवर लाइन के कार्य के दौरान भी इस मार्ग पर लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि शहर की सड़कें अब ग्रामीण क्षेत्रों से भी बदतर हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि जनप्रतिनिधि और संबंधित विभाग इस मार्ग की दुर्दशा से पूरी तरह बेखबर बने हुए हैं। चुनाव के समय विकास और बेहतर सड़कों के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।

रहवासियों के अनुसार सड़क की हालत इतनी खराब है कि पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। आपात स्थिति में एंबुलेंस का समय पर पहुंचना मुश्किल हो जाता है, वहीं गैस सिलेंडर और कचरा संग्रहण के वाहन भी कई बार इस मार्ग तक नहीं पहुंच पाते।

वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सड़क का निर्माण या मरम्मत नहीं कराई गई और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई, तो इसका जवाब आगामी चुनाव में दिया जाएगा। लोगों ने पार्षद, नगर निगम अध्यक्ष, महापौर, आयुक्त एवं क्षेत्रीय विधायक से तत्काल सड़क निर्माण कराने की मांग की है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने भी सड़क की बदहाली को लेकर नगर निगम और सरकार पर सवाल उठाते हुए इसे शहर की मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी बताया और शीघ्र समाधान की मांग की।

Author

Related Articles

Back to top button