बरगवाँ नगर परिषद को मिली स्काई लिफ्ट व सक्शन मशीन की सौगात

सिंगरौली। नगर परिषद बरगवाँ को जनसुविधाओं के विस्तार के लिए एक और बड़ी सौगात मिली है। सोमवार को नगर परिषद कार्यालय परिसर में आधुनिक स्काई लिफ्ट एवं सक्शन मशीन का विधिवत शुभारंभ किया गया। इन वाहनों के संचालन से नगर क्षेत्र में विद्युत रखरखाव, स्वच्छता और अन्य जनहित के कार्यों को अधिक तेज़, सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक संसाधनों के जुड़ने से नगर परिषद की कार्यक्षमता बढ़ेगी और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध होंगी। विशेष रूप से ऊंचाई पर विद्युत मरम्मत कार्य और सीवर व नालियों की सफाई जैसे कार्य अब पहले की अपेक्षा अधिक सुगमता से किए जा सकेंगे।
इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि रमेश शाह, रामचंद्र जी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), उपयंत्री, नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद ने जनसेवा एवं विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि नगरवासियों के सहयोग और विश्वास से बरगवाँ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर निरंतर अग्रसर है।









