यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में गिरी, 6–7 की मौत की आशंका

देहरादून। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। भीकियासैंण क्षेत्र के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
अल्मोड़ा के एसएसपी देवेंद्र पिंचा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही बचाव दल को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। प्रारंभिक सूचना के अनुसार इस हादसे में 6 से 7 लोगों के मारे जाने की आशंका है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को भीकियासैंण के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के अनुसार रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है और खाई में गिरे यात्रियों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भिकियासैंण से रामनगर जा रही बस के भिकियासैंण–विनायक मोटर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुखद समाचार मिला है। उन्होंने इस घटना को पीड़ादायक और हृदयविदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं।













