ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

सेल्फी बनी मौत की वजह: हाईवे किनारे खड़े 6 दोस्तों को हाईवा ने रौंदा, सभी की मौत

 

जबलपुर/नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में छह दोस्तों की मौत हो गई। सभी युवक हाथीनाला वॉटरफॉल से पिकनिक मनाकर लौट रहे थे। इंदिरा नगर के पास हाईवे किनारे सेल्फी लेते समय तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें कुचल दिया।

 

हादसे में राजेंद्र पटेल, वीरेंद्र लोधी (20), रामपाल सिंह लोधी (21), जयपाल सिंह लोधी (30), आकाश सिंह लोधी (24) और नीरज सिंह लोधी (25) की मौत हो गई। चार युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो ने अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात अंतिम सांस ली। सभी मृतक जबलपुर जिले के पावला गांव के निवासी थे।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सड़क से करीब दो फीट दूर खड़े होकर फोटो खिंचवा रहे थे। तभी तेज रफ्तार हाईवा अनियंत्रित होकर उनकी ओर आ गया और सभी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

 

घटना के बाद हाईवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि सुआतला थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button