बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

विश्व जनसंख्या दिवस अभियान का समापन, उत्कृष्ट आशा कार्यकर्ता व स्वास्थ्य कर्मी सम्मानित

सिंगरौली। विश्व जनसंख्या दिवस अभियान के समापन अवसर पर गुरुवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय, सिंगरौली द्वारा एनएचएम सभागार में सम्मान समारोह एवं परिवार कल्याण त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान वर्ष 2025-26 में परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, सीएचओ तथा स्वास्थ्य संस्थानों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सीएमएचओ डॉ. पुष्पराज सिंह ठाकुर एवं जिला परिवार कल्याण अधिकारी ने संयुक्त रूप से किया। डॉ. ठाकुर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य स्वैच्छिक परिवार नियोजन को बढ़ावा देना, सही समय पर गर्भधारण तथा दो बच्चों के बीच उचित अंतर रखने के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के समर्पित प्रयासों से जिले में परिवार कल्याण कार्यक्रमों में उल्लेखनीय सफलता मिली है।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुधांशु मिश्रा ने कहा कि आशा कार्यकर्ता, सीएचओ, एएनएम एवं नर्सिंग स्टाफ की सक्रिय भूमिका और टीम वर्क के कारण परिवार कल्याण कार्यक्रमों में बेहतर परिणाम प्राप्त हुए हैं। उन्होंने सभी सम्मानित स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

समारोह में परिवार नियोजन के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली आशा कार्यकर्ताओं, अंतरा इंजेक्शन के लिए सर्वाधिक प्रेरित करने वाली आशाओं, सर्वाधिक अंतरा इंजेक्शन लगाने वाले उप स्वास्थ्य केंद्रों तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में आईपास डेवलपमेंट फाउंडेशन के प्रतिनिधियों सहित जिला स्तरीय अधिकारी, सभी ब्लॉकों के मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी, बीसीएम, बीईई, जिला स्टोरकीपर एवं बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। समारोह के अंत में परिवार कल्याण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा कर आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।

Author

Related Articles

Back to top button