त्रिमुला फैक्ट्री के पास कोल वाहन चालक का मिला शव, मौत की वजह तलाश रही पुलिस
बरगवां थाना क्षेत्र में फैली सनसनी, बीजपुर निवासी दुर्योधन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब त्रिमुला फैक्ट्री के सामने सड़क किनारे एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बरगवां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दुर्योधन निवासी बीजपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कोल परिवहन में वाहन चालक के रूप में काम करता था और बरगवां क्षेत्र में ही सक्रिय था। घटना स्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू की है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक को शराब पीने की आदत थी। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बरगवां थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक शराब के सेवन के बाद पानी में गिरने से उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की वास्तविक स्थिति जानने में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले को दुर्घटना, नशे की हालत में हुई घटना सहित अन्य पहलुओं से जोड़कर जांच कर रही है।













