इंडियन आइडल-16 में जबलपुर के तनिष्क शुक्ला का जलवा, बने फर्स्ट रनर-अप
संस्कारधानी के युवा गायक ने देशभर में बनाई पहचान, मध्यप्रदेश का बढ़ाया गौरव

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के युवा गायक तनिष्क शुक्ला ने देश के लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल सीजन-16 में शानदार प्रदर्शन करते हुए फर्स्ट रनर-अप का खिताब हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से जबलपुर सहित पूरे मध्यप्रदेश में खुशी का माहौल है।
तनिष्क ने अपनी मधुर आवाज, सुरों पर मजबूत पकड़ और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से पूरे सीजन में दर्शकों और जजों का दिल जीता। फाइनल मुकाबले तक पहुंचने के दौरान उन्होंने कई अलग-अलग शैलियों के गीत प्रस्तुत किए, जिनमें रोमांटिक, सूफी और पुराने सदाबहार गाने शामिल रहे।
इस सफलता के पीछे तनिष्क की वर्षों की मेहनत और संगीत के प्रति समर्पण रहा है। एक समय वह एंग्जायटी जैसी परेशानी से भी जूझ रहे थे, लेकिन उन्होंने संगीत को अपनी ताकत बनाया और लगातार अभ्यास करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई।
चेस से शुरू हुआ सफर, संगीत में मिली मंजिल
कम उम्र में तनिष्क को शतरंज खेलने का शौक था और उन्होंने कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा भी लिया। बाद में उन्होंने संगीत को अपना करियर बनाया। वर्ष 2021 में उन्होंने जबलपुर के संगीत गुरु प्रकाश वेरुलकर से विधिवत प्रशिक्षण लेना शुरू किया। गुरु के मार्गदर्शन और नियमित रियाज से उनकी गायकी में निखार आता गया।
इंडियन आइडल के मंच पर भी तनिष्क की प्रतिभा की जमकर सराहना हुई। जज बादशाह उनकी मेहनत और संघर्ष से प्रभावित हुए और उन्हें “तनिष्क फाइटर” लिखा हुआ विशेष माइक भेंट किया।
ओडिशा की ज्योतिर्मयी नायक ने इंडियन आइडल-16 की ट्रॉफी अपने नाम की, लेकिन तनिष्क शुक्ला की फर्स्ट रनर-अप की उपलब्धि ने उन्हें देशभर में नई पहचान दिला दी। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।













