महापौर ने मोरवा जोन कार्यालय में की विभागीय कार्यों की समीक्षा
जनसुविधाओं, स्वच्छता एवं शुद्ध पेयजल आपूर्ति पर विशेष जोर, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

सिंगरौली। नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने मोरवा जोन कार्यालय का निरीक्षण कर विभागीय कार्यों एवं जनसेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक को बिना किसी असुविधा के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य निष्पादन में किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसे तत्काल अवगत कराएं, जिससे उसका निराकरण कराया जा सके।समीक्षा बैठक में महापौर ने वार्डों में प्रतिदिन शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम की गौशालाओं में चारा, पानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने तथा शहर में घूम रहे आवारा मवेशियों को गौशाला में सुरक्षित पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
महापौर श्रीमती अग्रवाल ने अधिकारियों से कहा कि वे नियमित रूप से वार्डों का भ्रमण कर आम नागरिकों से संवाद स्थापित करें तथा उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने नगर की स्वच्छता व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए कहा कि कचरा संग्रहण करने वाले वाहन प्रतिदिन निर्धारित समय पर प्रत्येक वार्ड में पहुंचें, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने नागरिकों को गीले एवं सूखे कचरे का पृथक-पृथक संग्रहण करने के लिए निरंतर जागरूक एवं प्रेरित करने के निर्देश भी दिए। महापौर ने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर के निर्माण में जनभागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में आमजन की सहभागिता बढ़ाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान भी संचालित किए जाएं। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही न बरतने तथा शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान पार्षद परमेश्वर पटेल, श्रीमती पिंकी सिंह,श्रीमती निलू कुमारी,श्रीमती श्यामा देवी,शिवशंकर प्रसाद,श्रीमती नीलम गुप्ता, नगर निगम के कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी चतुर्वेदी, सहायक आयुक्त एच.एम श्रीवास्वत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।













