देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

नोटों से सजी कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र, शिवभक्तों की अनोखी भक्ति ने खींचा श्रद्धालुओं का ध्यान

हरिद्वार में दिल्ली के भक्तों ने 10, 20, 50 और 100 रुपये के नोटों से सजाई कांवड़, मंदिर में दान करेंगे पूरी राशि

हरिद्वार। सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्ति के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। इसी बीच हरिद्वार की हरकी पैड़ी पर एक अनोखी कांवड़ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दिल्ली से आए शिवभक्तों ने अपनी कांवड़ को असली नोटों से सजाकर तैयार किया है, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है।

दिल्ली के हर्ष विहार निवासी दीपांशु, विकास और तरुण गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंचे हैं। उन्होंने इस बार अपनी कांवड़ को विशेष रूप देने के लिए 10, 20, 50 और 100 रुपये के नोटों से सजाया है। नोटों से सजी इस कांवड़ को देखकर श्रद्धालु रुककर तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए।

शिवभक्तों ने बताया कि यह कांवड़ किसी प्रदर्शन के लिए नहीं, बल्कि भगवान भोलेनाथ के प्रति उनकी श्रद्धा और सेवा भावना का प्रतीक है। कांवड़ को तैयार करने में नौ लोगों ने लगातार एक दिन और एक रात मेहनत की। बारिश से नोटों को सुरक्षित रखने के लिए पूरी कांवड़ को पारदर्शी प्लास्टिक से ढका गया है।

दीपांशु ने बताया कि यात्रा पूरी होने के बाद कांवड़ में लगे सभी नोटों को उतारकर शिवालय में दान किया जाएगा। इस राशि का उपयोग धार्मिक आयोजनों, भंडारे और जरूरतमंदों की सहायता में किया जाएगा।

हरकी पैड़ी पर पहुंची यह अनोखी कांवड़ श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का कहना है कि आस्था के साथ समाजसेवा का संदेश देने वाली यह पहल प्रेरणादायक है।

Author

Related Articles

Back to top button